जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
नैनीताल, 31 जुलाई 2026 (सू.वि.)।
जनपद नैनीताल में सम्पन्न उप-प्रधानों के निर्वाचन के उपरांत निर्वाचित उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी, नैनीताल द्वारा जनपद के सभी खण्ड विकास अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने विकासखण्ड मुख्यालयों में निर्वाचित उप-प्रधान ग्राम पंचायतों को 03 अगस्त 2026 को नियमानुसार शपथ ग्रहण कराया जाना सुनिश्चित करें। इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ ग्रहण कार्यक्रम की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जनपद में सम्पन्न उप-प्रधानों के निर्वाचन के परिणाम 15 जुलाई 2026 को घोषित किए जा चुके हैं। निर्वाचन के उपरांत अब निर्वाचित उप-प्रधानों को उत्तराखण्ड पंचायतीराज अधिनियम, 2016 एवं संबंधित नियमावली में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों के निर्वाचित उप-प्रधानों को निर्धारित तिथि एवं स्थान की जानकारी समय से उपलब्ध कराएं। साथ ही शपथ ग्रहण की समस्त कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप संपादित की जाए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को भी अपने स्तर से आवश्यक समन्वय एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनपद में निर्वाचित उप-प्रधानों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से सम्पन्न कराया जा सके।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

