उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी: सीडीओ

ख़बर शेयर करें


उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी: सीडीओ
उद्योग मित्र समिति की बैठक में सड़क, बिजली, पानी और बैंक ऋण से जुड़े मुद्दे उठे, भीमताल में कचरा उठाने की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
भीमताल, 23 अक्टूबर। जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उद्यमियों ने सड़क, विद्युत, जलापूर्ति, प्रदूषण अनापत्ति, बैंक ऋण, जीएसटी, श्रम और परिवहन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि जिले में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करना और रोजगार के अधिक अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को उद्योग मित्र पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करने और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पीएमईजीपी सहित अन्य योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता ने जिले में उद्योगों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाजूनियाहल्दु-पतलिया से कोटाबाग तक वैकल्पिक मोटर मार्ग विकसित करने के साथ सूर्या गांव-सातताल मोटर मार्ग और डानपरेवा मार्ग के निर्माण से जुड़े कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जाने हैं।
भीमताल में कचरा उठाने की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सीडीओ ने सिडकुल भीमताल के क्षेत्रीय प्रबंधक को भीमताल क्षेत्र में कचरा उठाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारी को भीमताल क्षेत्र में आवंटित और रिक्त भूखंडों तथा बकायेदारों की सूची तैयार कर सोमवार तक साझा करने को कहा। बैठक में नगर पालिका परिषद भीमताल के अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति पर सीडीओ ने गहरी नाराजगी जताई।
बैठक में सिडकुल, विद्युत, लोक निर्माण, श्रम, प्रदूषण नियंत्रण, नगर पालिका, जल संस्थान, पेयजल निगम, परिवहन, खनन, जीएसटी और जिला अग्रणी बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एचजीएस भीमताल एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया द्वारा सम्मानित
Ad

You cannot copy content of this page