भीमताल, 5 अप्रैल 2026। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में ‘हिल मैराथन 2.0 – माइल्स फॉर स्माइल्स’ के रूप में एक रोमांचक एथलेटिक आयोजन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सुबह पहाड़ियों पर छाए बादलों के बीच यह आयोजन ऐसे शुरू हुआ मानो प्रकृति स्वयं इस उत्सव की साक्षी बनने आई हो। पिछले वर्ष किए गए वादे को पूरा करते हुए इस बार मैराथन को और अधिक जीवंत व समावेशी रूप में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर के निदेशक द्वारा 21 किमी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर सुबह 6 बजे किया गया। इसके बाद 7 बजे भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल के प्रधानाचार्य श्री बिशन सिंह मेहता ने 5 किमी दौड़ को रवाना किया, जबकि ‘रन फॉर फन’ की शुरुआत प्रसिद्ध क्षेत्रीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बॉबी भकुनी ने की।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर से शुरू हुई इस मैराथन में देश-विदेश से आए प्रतिभागियों के साथ-साथ सेना, वायुसेना, एनसीसी और विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी टी-शर्ट्स में सजे धावक जब सुंदर पहाड़ी मार्गों पर दौड़े तो पूरे परिसर और नगर का वातावरण उत्साह से भर उठा। घुड़सवारों और बाइक राइडर्स द्वारा मैराथन के झंडे लहराते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
यह आयोजन ग्राफिक एरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला के दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतिफल है, जिनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
करीब ₹5 लाख की कुल पुरस्कार राशि के साथ यह मैराथन धैर्य और उत्साह का पर्व बन गई। विभिन्न श्रेणियों में 21 किमी ओपन, 21 किमी वेटरन्स, 5 किमी स्कूल छात्रों के लिए, 5 किमी ग्राफिक एरा छात्रों के लिए तथा 2 किमी ‘रन फॉर फन’ शामिल रहे। सभी वर्गों में पुरुष और महिला प्रतिभागियों के लिए समान पुरस्कार राशि (अधिकतम ₹72,000) निर्धारित की गई। सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
21 किमी ओपन पुरुष वर्ग में केन्या के एसमंड चेपक्वोनी ने प्रथम, भारतीय सेना के बिपिन जोशी ने द्वितीय और फारूक चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में अंजली प्रथम, अर्पिता सैनी द्वितीय और उषा थ्वाल तृतीय रहीं।
21 किमी वेटरन्स पुरुष वर्ग में समीर कोल्या, घनश्याम पांडे और नंदन सिंह विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में कृष्णा चौहान ने प्रथम स्थान हासिल किया। दुर्गा पिरसाली और नीमा भंडारी क्रमशः द्वितीय और तृतीय रहीं।
5 किमी स्कूल बालक वर्ग में पुष्कर चंद प्रथम, हर्षित यादव द्वितीय और महेंद्र सिंह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में प्रिया ने प्रथम, दीपा नेगी ने द्वितीय और उषा भंडारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
5 किमी ग्राफिक एरा छात्र वर्ग में लवकेश सिंह, रोहित सिंह और प्रत्युष मेहरा शीर्ष तीन में रहे, जबकि छात्रा वर्ग में प्रिया मेहरा प्रथम, अंशिका मेहता द्वितीय और तन्नू चंदोला तृतीय स्थान पर रहीं।
‘रन फॉर फन’ श्रेणी में मोहन आर्य, मोहित सिंह और बबीता बिष्ट को लॉटरी के माध्यम से विजेता चुना गया।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों के लिए वार्म-अप और ज़ुम्बा सत्र आयोजित किए गए तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहीं। खुले एम्फीथिएटर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों ने इस आयोजन को एक उत्सव का रूप दे दिया। इको क्लब के सदस्यों ने मार्ग की स्वच्छता सुनिश्चित की।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर ने एक बार फिर क्षेत्र के समग्र विकास और जनसहभागिता को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभाते हुए एक नई मिसाल कायम की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

