दीनी तल्ली विद्यालय में वन विभाग ने दी मानव-वन्यजीव संघर्ष की जानकारी
धारी। नैनीताल वन प्रभाग की उत्तरी गौला रेंज अंतर्गत मानव-वन्यजीव संघर्ष के लिए संवेदनशील क्षेत्र दीनी तल्ली स्थित हाटमुंगेरो प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को गुलदार और बाघ के व्यवहार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
वन विभाग की टीम ने बच्चों को बताया कि जंगल के आसपास रहने वाले लोगों को किन सावधानियों का पालन करना चाहिए, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से बचा जा सके। इस दौरान बच्चों के वन्यजीवों के प्रति ज्ञान को क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से परखा गया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को नववर्ष कैलेंडर वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को अकेले विद्यालय न आने, घरों के आसपास की झाड़ियों को साफ रखने, खाद्य सामग्री खुले में न फेंकने तथा अपने माता-पिता को अकेले जंगल न जाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को वनाग्नि की भयावहता के बारे में जानकारी देते हुए वनाग्नि काल में वन विभाग की सहायता करने और जंगल में आग लगाने वालों की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की गई।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी विजय चन्द्र भट्ट, अनुभाग अधिकारी पूरन चन्द्र मेलकानी, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं वाहन चालक मनोज कैड़ा उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

