रोपवे परियोजनाओं को गति देने के लिए पहली बोर्ड बैठक आयोजित

ख़बर शेयर करें

रोपवे परियोजनाओं को गति देने हेतु प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित
देहरादून। सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं के विकास, क्रियान्वयन, संचालन एवं रखरखाव से जुड़े विभागों, हितधारकों तथा पीपीपी कंपनियों के साथ प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनपदों में संचालित एवं प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित जिलाधिकारियों से भी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि रोपवे परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, मोबिलिटी और समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए और अनावश्यक विलंब से बचने के लिए सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। विजिबिलिटी स्टडी जैसी प्रक्रियाओं को प्रारंभिक चरण में ही हाई पावर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे परियोजनाओं के सभी पहलुओं पर समय रहते विस्तृत विचार-विमर्श संभव होगा।
मुख्य सचिव ने रोपवे परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों की गहन और त्वरित स्क्रूटनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान हो सके। पीपीपी मोड पर बनने वाली परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक अनुमोदनों सहित सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य संपन्न करने के निर्देश भी दिए गए।
देहरादून–मसूरी रोपवे परियोजना में हो रही देरी पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने इसकी प्रगति में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन, सरकारी निर्माण एजेंसियों, लोक निर्माण विभाग तथा सुरक्षा एजेंसियों (पुलिस) के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों का समाधान करने पर बल दिया। जिन विषयों को हाई पावर कमेटी अथवा बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है, उन्हें समय से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज पांडेय, धीरज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रूहेला तथा एनएचएलएमएल से प्रशांत जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page