महिला सशक्तिकरण के लिए राजनीति में समान अधिकार जरूरी: खष्टी बिष्ट
भवाली। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने कहा कि राजनीति में समान अधिकार मिलने से ही महिला सशक्तिकरण संभव है। उन्होंने कहा कि देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की बराबर भागीदारी आवश्यक है।
रामनगर विधानसभा कांग्रेस कार्यालय में महिला आरक्षण के 33 वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
खष्टी बिष्ट ने कहा कि वर्ष 1992 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के कार्यकाल में पंचायती राज व्यवस्था में संशोधन कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था। इसके बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में महिलाओं की भागीदारी को मजबूती मिली।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कहा कि आधी आबादी को बराबरी का दर्जा न देना मौलिक और नैतिक अन्याय होगा। उन्होंने महिला आरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अतुल अग्रवाल ने कांग्रेस के इतिहास और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खष्टी बिष्ट ने की। इस दौरान नगराध्यक्ष भुवन चंद्र, ब्लॉक अध्यक्ष देशबंधु, मालधनचौड़ ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश तथा काशीपुर महानगर अध्यक्ष अलका पाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

