खनन पट्टों में अनदेखी का आरोप, ओवरलोडिंग और प्रदूषण से बढ़ी चिंता

ख़बर शेयर करें

गरमपानी— बेतालघाट ब्लॉक क्षेत्र में कोसी नदी से इन दिनों उपखनिज निकासी का कार्य लगातार जारी है। इस बीच धनियाकोट निवासी कृपाल सिंह ने खनन पट्टों के संचालन में गंभीर अनदेखी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खनन पट्टों से नियमों को ताक पर रखकर लगातार ओवरलोड वाहनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के प्रमुख और ग्रामीण मार्गों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
कृपाल सिंह ने आरोप लगाया कि मार्गों पर तैनात खनन चेकिंग टीम द्वारा भी ओवरलोड वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। चेकिंग टीम की इस अनदेखी के कारण नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे आम जनता को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने खनन कार्य में लगे मजदूरों द्वारा कोसी नदी को दूषित किए जाने पर भी चिंता जताई है। आरोप है कि खननकर्ताओं द्वारा केवल औपचारिकता निभाने के लिए शौचालय बनाए गए हैं, जिनका उपयोग नहीं किया जा रहा। मजदूरों द्वारा खुले में शौच किए जाने से कोसी नदी का जल प्रदूषित हो रहा है। कृपाल सिंह ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page