दोस्त के कार्यालय में विवाद के बाद युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
देहरादून। रायपुर क्षेत्र के रक्षा विहार में शनिवार देर रात दोस्त के कार्यालय में हुए विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद दोस्त ही घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, युवक शनिवार देर रात अपने कुछ दोस्तों के साथ रायपुर के रक्षा विहार स्थित एक कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक घायल हो गया। आनन-फानन में उसके साथ मौजूद दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने साथ मौजूद दोस्तों पर युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

