भवाली की बेटी रूची भट्ट बनीं न्यायाधीश, क्षेत्र में खुशी की लहर

ख़बर शेयर करें
  • मूल निवासी ग्राम सभा भाबू, ब्लॉक लमगड़ा की हैं रूची भट्ट, ग्रामीणों ने जताया गर्व

भवाली। नगर के गांधी कॉलोनी में रहने वाली रूची भट्ट ने न्यायाधीश बनकर भवाली सहित अपने पैतृक गांव भाबू का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से भवाली और ग्राम सभा भाबू में खुशी की लहर है। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ब्लॉक लमगड़ा स्थित ग्राम सभा भाबू की रहने वाली रूची भट्ट, खजान भट्ट एवं स्वर्गीय रमा भट्ट की पुत्री हैं।
रूची ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एन्ड्रूज भवाली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एशीशमहल हल्द्वानी स्थित इंस्पिरेशन से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय से बीकॉम तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि (लॉ) की शिक्षा हासिल की। अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने न्यायपालिका में न्यायाधीश का पद हासिल कर परिवार, गांव और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। रूची की सफलता पर ग्राम सभा भाबू की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। ग्रामीणों ने कहा कि अपनी माटी की बेटी को न्यायपालिका में इस मुकाम पर पहुंचते देखना पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण है। रूची की उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
भवाली व ग्राम सभा के लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल एवं गौरवशाली कार्यकाल की कामना की। साथ ही इष्टदेव ऐड़ी देव से प्रार्थना की कि वे रूची को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और न्याय के पथ पर निष्पक्षता एवं दृढ़ता के साथ कार्य करने की शक्ति प्रदान करें।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page