छोटा कैलाश मार्ग के सुधारीकरण की मांग, जिलाधिकारी को भेजा पत्र

ख़बर शेयर करें
  • किसान मोर्चा ने डीएम को भेजा पत्र
  • पिनरों जटा से छोटा कैलाश तक का मार्ग बदहाल, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

भीमताल। छोटा कैलाश क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर किसान मोर्चा के मीडिया संयोजक बंशी पलड़िया ने जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर मार्ग के सुधारीकरण की मांग की है। उन्होंने पिनरों जटा से छोटा कैलाश (भागीरथ मार्ग) तक सड़क की मरम्मत कराने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
जिलाधिकारी को भेजे पत्र में उन्होंने बताया कि छोटा कैलाश की तलहटी में स्थित जटेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भी इस स्थान का विशेष महत्व है। इसके बावजूद यहां तक पहुंचने वाला मार्ग बेहद खराब और संकरा होने से श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खड़ी चढ़ाई के चलते बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं की परेशानी और बढ़ जाती है। मार्ग पर यात्रियों के विश्राम के लिए भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने जिलाधिकारी से पिनरों जटा से छोटा कैलाश मार्ग का सुधारीकरण कराने और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। कहा कि मार्ग बेहतर होने से श्रद्धालुओं को राहत मिलने के साथ ही छोटा कैलाश क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जा सकेगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page