अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, वरना कार भी कब्जे में
हल्द्वानी। अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हल्द्वानी पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त वरना कार को भी कब्जे में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी एवं इस्तेमाल के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर उपकारागार हल्द्वानी परिसर के बाहर एक संदिग्ध वरना कार की चेकिंग की।
तलाशी के दौरान कार संख्या UK06R-8499 से पुलिस को 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी जतिन्द्र सिंह (32) पुत्र सरदार बलविंदर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस ने बरामद हथियार और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, उपनिरीक्षक राम सिंह अधिकारी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल धीरेन्द्र अधिकारी, राहुल राणा, कुन्दन सिंह तथा होमगार्ड अमरबण गोस्वामी शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

