भवाली। लोकसभा चुनाव के लिए नए मतदाताओं में काफी उत्साह है। युवाओं ने रोजगार दिलाने वाली पार्टी को ही वोट देने की बात कही है।
नैनीताल लोकसभा सीट के नव मतदाता पहली बार वोट का प्रयोग करने को काफी उत्सुक हैं। साथ ही युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की भी चिंता है। इसलिए युवा भविष्य को ध्यान में रखकर नीतियां बनाने वाली पार्टी को ही मतदान करने की बात कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि पढ़े लिखे युवाओं को रोजगार की दरकार है। इसलिए जो भी पार्टी रोजगार सृजन करने व बेहतर शिक्षा की बात करेगी वह उसी पार्टी को वोट देंगे। कहा कि रोजगार बढ़ाने के लिए शिक्षा व्यवस्था में भी बदलाव की जरूरत है। रोजगार परक पाठ्यक्रमों को चलाने की सर्वाधिक आवश्यकता है। इससे रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। बेरोजगारी और पलायन दोनों को दूर करने में मदद मिलेगी
युवा छात्रों की बात
पहली बार मतदान को लेकर उत्साहित हूं। बेहतर उच्च शिक्षा, रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात करने वाले को ही वोट दूंगा।
लक्ष्मण सिंह भंडारी, बीए तृतीय वर्ष भवाली
हर परिवार से बेरोजगारों की सूची बनाई जाए। रोजगार नहीं मिलने तक भरण पोषण के लिए धनराशि दी जानी चाहिए। नई नीतियां बनाने की भी जरूरत है।
आरती आर्या, बीए तृतीय वर्ष रेहड़ भवाली
पहली बार लोकतंत्र के पर्व में हिस्सा लेने पर उत्साह है। लोकतंत्र और रोजगार परक नीतियों के आधार पर सोच समझकर मतदान करुंगी।
दीक्षा, बीए तृतीय वर्ष, गांधी कॉलोनी भवाली
बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है। युवाओं के लिए राज्य में ही स्थाई रोजगार मिलना चाहिए। मेरा मत शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नाम पर रहेगा।
हेमा बसेरा, बीए तृतीय वर्ष, रातिघाट
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

