लालकुआं में टुकटुक से गिरकर युवक की मौत, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
हाईवे पर वार्ड नंबर पांच सुभाष नगर के सामने हुआ हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
लालकुआं। नगर में हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वार्ड नंबर पांच सुभाष नगर के सामने टुकटुक से गिरकर 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट लग गई थी। उसे उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी विक्रम सिंह चौहान (30) पुत्र नरेश सिंह चौहान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके साथ ही वह परिजनों के साथ पशुपालन के कार्य में भी हाथ बंटाता था। बताया जा रहा है कि गत दिवस वह टुकटुक से सफर कर रहा था। इसी दौरान वार्ड नंबर पांच के सामने हाईवे पर अचानक झटका लगने से वह टुकटुक से छिटककर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा।
हादसे में विक्रम के सिर पर गंभीर चोट लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल लालकुआं के एक क्लीनिक में ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
विक्रम की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके भाई और बहन भी इस घटना से सदमे में हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने लालकुआं के मुक्तिधाम श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



