भवाली में रामगढ़ रोड तिराहे पर गुरुवार को कोश्याकुटोली तहसीलदार के वाहन की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन चालक का चालान कर सुरक्षा की दृष्टि से वाहन को कोतवाली में खड़ा कर दिया है। वहीं यातायात शुरू कराया।
पुलिस जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद करीब तीन बजे तहसीलदार कोश्याकुटोली का चालक वाहन लेकर भवाली किसी काम से आया था। इस बीच रामगढ़ तिराहे के समीप वाहन से नथुआखान, रामगढ़ निवासी सुंदरी देवी को टक्कर लग गई। हादसे में सुंदरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने चालक पर नशे में टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को शांत कर महिला को सीएचसी भवाली भेजा। जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर कर दिया गया। वहीं एसएसआई प्रेम विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। वाहन में तहसीलदार नहीं थे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

