भवाली में बेजुबान जानवरों के अधिकारों की उठी आवाज, सड़कों पर हर 500 मीटर पर पानी की व्यवस्था की मांग

ख़बर शेयर करें

भवाली। नगर क्षेत्र में बेजुबान जानवरों के संरक्षण और उनके अधिकारों को लेकर एक जागरूक नागरिक आशीष कुमार तिवारी ने नगर पालिका से अहम मांग उठाई गई है। आशीष तिवारी ने नगर पालिका अध्यक्ष पंकज आर्या को पत्र देकर शहर की सड़कों पर हर 500 मीटर की दूरी पर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि भवाली की सड़कों पर कई ऐसे पालतू पशु हैं, जिनके कानों में टैग लगे हुए हैं, जिससे स्पष्ट है कि वे किसी समय पालतू थे, लेकिन अब उन्हें सड़कों पर छोड़ दिया गया है। इन जानवरों के लिए न तो भोजन की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की, जिससे उनकी स्थिति दयनीय बनी हुई है। कई पशु प्यास और भूख के कारण परेशान होकर कूड़े के ढेरों में भोजन तलाशने को मजबूर हैं।
आशीष तिवारी ने अपने सुझाव में कहा है कि नगर के मुख्य मार्गों और वार्ड-6 में प्रत्येक 500 मीटर पर पानी की हौदियां (वॉटर ट्रफ) बनाई जाएं, ताकि जानवरों को पीने का पानी मिल सके। साथ ही उन्होंने पालतू पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि इन पानी की हौदियों के निर्माण और जल आपूर्ति का खर्च कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी और सामाजिक सहयोग से पूरा किया जा सकता है। वहीं इनकी नियमित सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी स्वयं नागरिकों और सामाजिक समूहों द्वारा श्रमदान के माध्यम से उठाने की बात कही गई है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाते हैं तो इससे न केवल बेजुबान जानवरों को राहत मिलेगी, बल्कि शहर की स्वच्छता और मानवता की मिसाल भी कायम होगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page