ग्रामीण हिमालय हाट में उमड़ा जनसैलाब, लोक संस्कृति ने बांधा समां

ख़बर शेयर करें

भवाली। रामगढ़ के सतोली में आयोजित पांच दिवसीय 23वें ग्रामीण हिमालय हाट-2026 में ग्रामीण उत्पादों की खरीदारी के साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की धूम मची हुई है। आरोही संस्था की ओर से 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित हाट में दो दिनों के भीतर 600 से अधिक लोग पहुंच चुके हैं। मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 60 स्टॉल लगाए गए हैं। शनिवार को नवलोक निर्माण समिति, अल्मोड़ा के कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली ‘आयरन लेडी’ कमला नेगी को सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध गायक पापोन के मेले में पहुंचने से भी आयोजन को खास आकर्षण मिला।
हाट का शुभारंभ 23 अक्टूबर को मुख्य अतिथि एवं शिक्षाविद ज्योति प्रकाश ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत आरोही बाल संसार के बच्चों की ओर से अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद अतिथियों ने सतोली वन पंचायत क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संस्था की संस्थापिका स्वर्गीय ऊना जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमों की जानकारी भी ली।
आरोही संस्था के अधिशासी निदेशक डॉ. पंकज तिवारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और पर्यावरण के क्षेत्र में संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2047 तक की भावी योजनाओं को साझा करते हुए इनके क्रियान्वयन में जनसहयोग की अपील की। मुख्य अतिथि ज्योति प्रकाश ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय प्रताप भैया ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 125 विद्यालयों की स्थापना में योगदान दिया था। उन्होंने भविष्य में संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
अल्मोड़ा के कलाकारों ने लोक संस्कृति के रंग बिखेरे
हाट के दूसरे दिन शनिवार को नवलोक निर्माण समिति, अल्मोड़ा के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोक संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने मेले में उत्साह का माहौल बना दिया। इससे पहले उद्घाटन दिवस पर मां भगवती लोक कला समिति, लाट, अल्मोड़ा के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उदाहरण पेश करने वाली कमला नेगी को समारोह में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। टायर पंचर की दुकान चलाने वाली कमला नेगी अपने हुनर और मेहनत के दम पर जेसीबी जैसे भारी वाहनों के टायरों के पंचर तक ठीक कर चुकी हैं। पुरुषों से जुड़ा माना जाने वाला यह काम उन्होंने अपनी तकनीकी दक्षता, साहस और आत्मविश्वास से संभव बनाया है। इसी संघर्ष के चलते उन्हें ‘आयरन लेडी’ के नाम से पहचान मिली है। हाल ही में मुख्यमंत्री की ओर से भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। हाट में उनका सम्मान महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। प्रसिद्ध भारतीय गायक, संगीतकार एवं गीतकार पापोन (अंगराग महंत) ने भी ग्रामीण हिमालय हाट का भ्रमण किया। असम से ताल्लुक रखने वाले पापोन भारतीय लोक संगीत की विशिष्ट शैली और सुरीली आवाज के लिए लोकप्रिय हैं। उनके मेले में पहुंचने से आयोजन को विशेष पहचान मिली। मेले में महिलाओं और बच्चों के लिए प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है।आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण हिमालय हाट का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण स्वरोजगार, महिला उद्यमिता और पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता कुंवर सिंह नेगी, सतोली और प्यूड़ा के ग्राम प्रधान, प्यूड़ा एवं सतखोल क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य, आरोही संस्था के कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने लोगों से आगामी दिनों में भी मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की। हाट मेला 27 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page