हल्द्वानी, । कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर 26 जुलाई को जनपद नैनीताल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम को नैनीताल रोड स्थित शहीद स्मारक पर मुख्य कार्यक्रम से पहले साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 26 जुलाई को प्रातः 9 बजे शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को मुख्य अतिथि, गणमान्य नागरिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को आमंत्रित करने के साथ ही माल्यार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके उपरांत पूर्वाह्न 10 बजे एमबी डिग्री कॉलेज के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
नई पीढ़ी को कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग विद्यालयों में जूनियर वर्ग के लिए चित्रकला तथा सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी करेगा।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेनि.) रमेश सिंह, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, मुख्य शिक्षा अधिकारी आर.एस. नेगी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

