बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत32 से अधिक घायल, नवरात्र में शीतला माता मंदिर के बाहर मची चीख-पुकार

ख़बर शेयर करें

बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत
32 से अधिक घायल, नवरात्र में शीतला माता मंदिर के बाहर मची चीख-पुकार
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग घायल हो गए। चीनौर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। नवरात्र के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से आ रहा ट्रक ढलान पर अनियंत्रित हो गया। ट्रक लोगों को कुचलता हुआ सड़क किनारे दुकानों से टकराने के बाद मंदिर के प्रवेश द्वार से जा भिड़ा।
ब्रेक फेल होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, चालक ने वाहन को नियंत्रित करने के प्रयास में उसे बाईं ओर मोड़ दिया। यदि ट्रक सीधे आगे बढ़ता तो 600 से 700 श्रद्धालु उसकी चपेट में आ सकते थे। पंजाब के पंजीकरण नंबर वाले ट्रक के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
आठ पुलिसकर्मी निलंबित
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ग्वालियर के नगर पुलिस अधीक्षक को हटाने के साथ आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page