मोबाइल और नकदी लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 24 घंटे में हल्द्वानी पुलिस ने किया खुलासा

ख़बर शेयर करें

मोबाइल और नकदी लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 24 घंटे में हल्द्वानी पुलिस ने किया खुलासा
लूटा गया मोबाइल, ₹2000 की नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
हल्द्वानी। भोटियापड़ाव क्षेत्र में युवक को बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले जाकर मारपीट करने और मोबाइल व नकदी लूटने के मामले का हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खूराट, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) निवासी प्रदीप सिंह बोरा ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी कि 24 जून को दो अज्ञात युवकों ने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उसका मोबाइल फोन और ₹2000 की नकदी लूट ली।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 28 जून को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बब्लू सिंह, निवासी राजपुरा, हल्द्वानी और रवि रौतेला पुत्र स्व. सुरेंद्र सिंह, निवासी फूलचौड़, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, ₹2000 नकद और घटना में इस्तेमाल होंडा सीबीआर मोटरसाइकिल बरामद की है। बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल मुकेश सिंह शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page