न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले दो अभ्यस्त वारंटी गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, NBW और धारा 82 की कार्रवाई के बाद हुई गिरफ्तारी
हल्द्वानी। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर लंबे समय से फरार चल रहे दो अभ्यस्त वारंटियों को नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 में गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के साथ धारा 82 की उद्घोषणा/आदेशिका भी तामील की गई थी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने दोनों वारंटियों की गिरफ्तारी की।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय से जारी आदेशों की तामील के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राम सिंह पुत्र प्रीतम सिंह और जसविन्दर पुत्र गुरदीप सिंह, दोनों निवासी धौरा डैम, नजीमाबाद, थाना किच्छा, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

