नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद कर सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को हल्द्वानी क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की तहरीर कोतवाली हल्द्वानी में दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उप निरीक्षक संजीत राठौर को सौंपी गई। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बालिका की शीघ्र बरामदगी और मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी की। जांच में विक्रम सिंह (29) निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा और सौरभ बिष्ट (21) निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार के नाम प्रकाश में आए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे में धारा 65(1), 115(2), 352 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त वाहन बरामद कर सीज कर दिया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजीत राठौड़, उप निरीक्षक आरती, उप निरीक्षक दीपक कार्की समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

