रफी की 46वीं पुण्यतिथि पर संगीत प्रेमियों ने गाए उनके सदाबहार नगमे
भवाली। सुर सम्राट और महान पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि पर भवाली में संगीत प्रेमियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। विस्टा होटल में भवाली म्यूजिक स्टार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने रफी साहब को याद करते हुए उनके सदाबहार गीत प्रस्तुत किए। देर तक चले कार्यक्रम में रफी के गीतों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मोहम्मद रफी भारतीय फिल्म संगीत के ऐसे महान गायक थे, जिनकी आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवंत है। उन्होंने अपनी मधुर आवाज और गायकी की अनूठी शैली से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया। रफी साहब के गीतों में प्रेम, विरह, देशभक्ति और जीवन के अलग-अलग रंगों की खूबसूरत अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। उनकी पुण्यतिथि पर उनके गीत गाकर उन्हें याद करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान सनीत जोशी, आलोक चौधरी, पंकज सिंह, संजय कुमार, दिनेश जोशी, अतुल कुमार, जगमोहन, ललित पांडे, रमीट जोशी, अखिलेश कुमार, मोहित कपकोटी, कमल बिष्ट, सनी कैनेथ, प्रशांत कुमार, राकेश रावत, ललित ताम्टा, विजय कुमार, ललित मोहन, प्रमोद भाकुनी और आशीष सिंह समेत अन्य संगीत प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने मोहम्मद रफी के लोकप्रिय गीतों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और संगीत प्रेमियों का आभार जताया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

