वीकेंड पर कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध

ख़बर शेयर करें

वीकेंड पर कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
भीमताल और भवाली में पार्क होंगे पर्यटकों के निजी वाहन, शटल सेवा से पहुंचेंगे कैंची धाम
भवाली। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। शनिवार 10 और रविवार 11 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि बाहरी राज्यों और जनपदों से निजी वाहनों में कैंची धाम आने वाले पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने होंगे। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध
पुलिस के अनुसार, दोनों दिन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित यातायात और डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों के लिए यह रूट
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए गंतव्य तक भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए भीमताल के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ जाने वाले वाहनों का डायवर्जन
हल्द्वानी, काठगोदाम और अन्य मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होते हुए भेजा जाएगा। वहीं, काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी से डायवर्ट कर मुक्तेश्वर और रामगढ़ के रास्ते गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
भीमताल और भवाली में पार्क होंगे निजी वाहन
बाहरी जनपदों और राज्यों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक भेजा जाएगा।
वहीं, गेठिया और नैनीताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
कैंची धाम और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों पर रोक
पुलिस के अनुसार, वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले यातायात प्लान की जानकारी अवश्य लें और निर्धारित मार्गों व पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें, ताकि जाम और अन्य असुविधाओं से बचा जा सके।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page