- पार्किंग से मंदिर तक शटल सेवा, एंट्री पॉइंट पर वाहनों को लगाए जा रहे स्टीकर
भवाली। वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारी ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। निर्धारित पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक शटल सेवा संचालित की जा रही है। वहीं, यातायात प्लान की जानकारी देने के लिए अनाउंसमेंट के साथ प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों में स्टीकर भी लगाए जा रहे हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में लागू यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर तैनात हैं। अधिकारी लगातार यातायात की स्थिति का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं। पुलिस निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करा रही है। पार्किंग से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अनाउंसमेंट के माध्यम से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को यातायात प्लान, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा की जानकारी दी जा रही है। प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों में स्टीकर लगाकर भी व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी यातायात संचालन के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर नजर बनाए हुए हैं। नैनीताल पुलिस का कहना है कि वीकेंड पर कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा सुगम बनाने तथा सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



