वीकेंड पर कैंची धाम-भवाली-भीमताल में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
भवाली। वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में बढ़ने वाली पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शनिवार और रविवार को क्षेत्र में भारी वाहनों के साथ ही पर्यटक वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं के भारी वाहन निर्धारित मार्ग से संचालित हो सकेंगे। यातायात का दबाव बढ़ने पर अन्य भारी वाहनों को भवाली के मस्जिद तिराहे से रोका जाएगा या रामगढ़ एवं खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
वाया भीमताल कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम और भवाली पहुंचाया जाएगा। वहीं गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कर यात्रियों को शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वह निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें और सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

