अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की कार, पांच घायल
नैनीताल। नैनीताल से लौट रहे रामपुर के पर्यटकों की कार हनुमानगढ़ी के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार केशवपुर, रामपुर निवासी तेजेंद्र सिंह अपने साथियों करनदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह, अकबाल सिंह और हिमांशु के साथ नैनीताल घूमने आए थे। मंगलवार रात वाहन संख्या यूपी16एएल-0982 से लौटते समय तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए खाई में जा गिरा। करीब 50 मीटर नीचे एक पेड़ से टकराने के बाद वाहन रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

