नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों बॉलीवुड की चकाचौंध से गुलजार है। मशहूर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस बेकरार हैं। जाह्नवी इन दिनों नैनीताल की खूबसूरत वादियों में अपनी आगामी थ्रिलर रोमांटिक फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं।फिल्म का नाम ‘पीएन 36’ बताया जा रहा है, जिसका निर्देशन उमेश बिष्ट कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग नगर के प्रसिद्ध स्विस होटल एंड स्पा में चल रही है, जहां जाह्नवी कपूर और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के बीच कई अहम दृश्य फिल्माए गए हैं। सूत्रों के अनुसार इन दृश्यों में दोनों नायिकाओं के बीच तीखे संवाद हैं, जो फिल्म में सस्पेंस बढ़ाएंगे।इस फिल्म में जाह्नवी कपूर के साथ साउथ की मशहूर अभिनेत्री श्रीलीला और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता भी मुख्य भूमिका में हैं। स्विस होटल के प्रबंधक अनिल नेगी ने बताया कि उनके होटल में फिल्म के कई कलाकार और यूनिट के लोग ठहरे हुए हैं। फिल्म का फिल्मांकन उत्तराखंड के विभिन्न खूबसूरत लोकेशनों पर किया जा रहा है। नैनीताल में 22 अक्टूबर तक शूटिंग शेड्यूल है।शूटिंग के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। थ्रिलर फिल्म होने के कारण कहानी लीक होने के डर से बाहरी लोगों के शूटिंग स्थल में प्रवेश पर पूरी तरह रोक है।जाह्नवी अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहती हैं। शूटिंग खत्म होने के बाद वह रोजाना मल्लीताल स्थित जिम में वर्कआउट करने पहुंचती हैं। वहीं उनके प्रशंसक होटल के बाहर सेल्फी और मुलाकात की आस में घंटों इंतजार करते देखे जा रहे हैं, लेकिन जाह्नवी पूरी तरह शूटिंग में व्यस्त हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



