कार में बंधक बनाकर जंगल में ले गए, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी; चार गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

कार में बंधक बनाकर जंगल में ले गए, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी; चार गिरफ्तार
लालकुआं। कार में दो युवकों को बंधक बनाकर जंगल में ले जाने, उनके साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लालकुआं पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की निशान मैग्नाइट कार को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को दीपक सिंह बिष्ट निवासी बकुलिया किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू ने लालकुआं थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोप था कि आरोपियों ने दीपक सिंह बिष्ट और उसके साथी अनिरुद्ध बिष्ट को कार में बैठाकर जंगल में ले जाकर बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट की।
मामले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 19 अगस्त को मामले में नामजद चार आरोपियों बलवंत सिंह बिष्ट उर्फ गुड्डू, कमल सिंह बिष्ट उर्फ सोमी, दीपक जोशी और मोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही और घटना में प्रयुक्त निशान मैग्नाइट कार संख्या UK04AK 1293 को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गणेश गिरी और कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page