सात दुकानों में चोरी का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर पिद्दा समेत दो गिरफ्तार
लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम की चोरी की घटनाओं का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 2.28 लाख रुपये नकद बरामद
लालकुआं। नैनीताल पुलिस ने दुकानों में हुई चोरी की सात घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लालकुआं कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से 32 मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 24 मई, 9 जून और 15 जून को लालकुआं क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 26 जून को प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा निवासी दीना डी क्लास हल्दूचौड़ और उसके साथी राजू बहादुर निवासी फोरेस्ट कंपाउंड बजरी कंपनी लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं क्षेत्र की चार, मुखानी की दो और काठगोदाम क्षेत्र की एक चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से कुल 2,28,200 रुपये नकद, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूके04एल-3095 और चोरी के पैसों से खरीदा गया करीब 16 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर गल्लों से नकदी चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखता था। दोनों चोरी की रकम को नशे और अन्य खर्चों में इस्तेमाल करते थे।
गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ लालकुआं, हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम थानों में चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में चौकी हल्दूचौड़ प्रभारी उप निरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल कुबेर सिंह, मनीष शर्मा और राजेश कुमार शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

