ठेली में आग लगाने का आरोप, पीड़ित ने मुक्तेश्वर पुलिस को दी तहरीर
धारी।
धारी क्षेत्र के अघरिया निवासी ओम प्रकाश ने अज्ञात लोगों पर उनकी अस्थाई ठेली में आग लगाने का आरोप लगाते हुए मुक्तेश्वर पुलिस को तहरीर दी है। क्षेत्र के एक प्रधान सहित अन्य लोगो पर पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
ओम प्रकाश ने बताया कि वह धानाचूली-धारी मोटर मार्ग पर अस्थाई दुकान लगाकर सीजन के फल और सब्जियां बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पर्यटन सीजन को देखते हुए वह पिछले करीब दो माह से अघरिया वन पंचायत क्षेत्र में ठेली लगा रहे थे।
आरोप है कि बीते दिनों नजदीकी ग्राम पंचायत के कुछ लोगों ने दुकान हटाने के लिए उन्हें धमकी दी थी। इसके बाद बीती रात अज्ञात लोगों ने उनकी ठेली को आग के हवाले कर दिया, जिससे ठेली सहित उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
ओम प्रकाश ने बताया कि उन्होंने सरकारी भूमि पर कोई कब्जा नहीं किया है और परिवार की आजीविका चलाने के लिए अस्थाई दुकान संचालित कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुक्तेश्वर पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

