खटीमा में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने मनचले की छेड़खानी और धमकी से तंग आकर स्कूल जाना छोड़ दिया है। मनचले ने मामले की शिकायत करने पर पीड़िता के पिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। छेड़छाड़ के खौफजदा छात्रा एक माह से स्कूल नहीं जा रही थी। शिक्षकों की सजगता से मंगलवार को पीड़िता के पिता ने मामले की तहरीर पुलिस को दी, जिसके बाद आरोपी की धरपकड़ हो गई है।
मंगलवार को कोतवाली पहुंचे पीड़ित छात्रा के पिता ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि उसकी बेटी कक्षा सात की छात्रा है। वह गांव में ही किराए के मकान में रहकर ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। उसके परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। पीड़िता के पिता ने कहा कि उसकी पुत्री को गांव का ही रहने वाला एक युवक लंबे समय से परेशान कर रहा है, जिसके डर से उसकी पुत्री ने एक महीने से स्कूल जाना छोड़ दिया है। कोतवाली पहुंची छात्रा ने रोते हुए पुलिस को बताया कि एक माह से मजदूरी करने वाला एक युवक उसके साथ स्कूल आते-जाते समय छेड़छाड़ करता है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी इस मामले में किसी से भी शिकायत करने पर उसके पिता की हत्या करने की धमकी भी देता है। किशोरी ने कहा कि उसके परिवार का एक मात्र सहारा उसके पिता हैं। अगर उन्हें कुछ हो गया तो उनका पूरा परिवार सड़क पर आ जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

