टनकपुर:: नवीन भट्ट। आरक्षित वन क्षेत्र में देवदार के पेड़ पर तस्करों ने चलाई कुल्हाड़ी -वन विभाग लापरवाह, तस्करों की चांदी -विभाग ने मौके से जब्त किए चार गिल्टे, मामले जांच शुरू लोहाघाट : नगर से लगे सुंई के आरक्षित वन क्षेत्र में देवदार के पेड़ों का अवैध कटान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात गलचौड़ा मंदिर से 300 मीटर की दूरी पर लकड़ी तस्करों ने साढ़े तीन फीट गोलाई का हरा खड़ा पेड़ काट दिया। सूचना के बाद शनिवार की सुबह रेंजर दीप जोशी के नेतृत्व में पहुंंची वन विभाग की टीम ने आठ फीट लंबाई के चार गिल्टे बरामद कर लिए। छमनियां से लेकर गलचौड़ा के मुगलानी तक देवदार का आरक्षित वन क्षेत्र है। यह सुरम्य जंगल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। लेकिन पिछले कुछ समय से देवदार के पेड़ों को तस्करों की नजर लग गई है। एक माह के भीतर तस्करों ने हरे खड़े देवदार के तीन पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी है। शुक्रवार की रात अज्ञात तस्करों ने साढे तीन फीट गोलाई के हरे पेड़ काट दिया। पेड़ काटने की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार की सुबह टीम के साथ रेंजर दीप जोशी मौके पर पहुंचे और मौके से चार गिल्टों को बरामद किया। रेंजर ने बताया कि विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर पेड़ों का लगातार अवैध कटान होने से सुंई क्षेत्र के लोगों में वन विभाग के प्रति आक्रोश पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि युवक और महिला मंगल दलों द्वारा पेड़ों की लापिंग भी नहीं करने दी जाती, ऐसे में पेड़ों का अवैध कटान वन विभाग की लापरवाही एवं मिली भगत को इंगित करता है। ग्रामीणों ने शीघ्र अवैध कटान पर अंकुश न लगाने पर डीएफओ कार्यालय में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। == वर्जन-सुंई आरक्षित वन क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा साढ़े तीन फीट गोलाई का हरा देवदार का पेड़ काटा है। मौके से चार गिल्टे बरामद किए गए हैं। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जल्द पेड़ काटने में शामिल लोगों को पकड़ लिया जाएगा। -दीप जोशी, रेंजर, वन विभाग, लोहाघाट
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

