मरीजों को राहत देने के लिए संचालित 108 सेवा आफत बन रही है। पहले एक चालक ने नशे में एंबुलेंस को दीवार से भिड़ा दिया था। इस बार मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस का चालक और अन्य कर्मी नशे में धुत होकर वाहन में सो गया। खून की उल्टी कर रहे मरीज को सड़क पर छोड़ दिया। बाद में कुछ लोगों की पहल के बाद मरीज को दूसरी एंबुलेंस से अल्मोड़ा भेजा गया। मामले में दोनों कर्मियों को विभाग ने हटा दिया है।
बुधवार रात बिलौना निवासी राम प्रसाद की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें खून की उल्टियां होने लगी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज को अल्मोड़ा के लिए रेफर कर दिया। 108 एंबुलेस से मरीज को रात दस बजे अल्मोड़ा के लिए रवाना किया। बागेश्वर से 7 किमी चलने के बाद पौड़ीधार के पास चालक हरीश उप्रेती, ईएमटी चंद्रशेखर जोशी ने शराब पी और एंबुलेंस में आकर सो गए। जबकि मरीज को सड़क पर छोड़ दिया। इस हरकत से मरीज तथा तीमारदार परेशान हो गए। काफी देर दोनों कर्मचारियों को उठाने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत सीएमएस, डीएम समेत भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण से की। इसके बाद भाजपा नेता रवि करायत व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीएमओ से बात कर दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई। कुछ देर बाद दूसरी एंबुलेंस से मरीज को अल्मोड़ा भेजा। रवि करायत ने बताया कि अल्मोड़ा में उपचार के बाद मरीज की हालत में सुधार है। वहीं, मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने दोनों कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

