नानकमत्ता धार्मिक डेरा कार सेवा के प्रमुख जत्थेदार बाबा तरसेम सिंह की हत्या का सौदा शूटरों से 10 लाख में किया गया था। मामले में पुलिस ने चार षड्यंत्रकारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को चारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गुरुवार को एसएसपी ने बताया कि दिलबाग सिंह, बलकार सिंह पुत्र दर्शदा निवासी ग्राम बाधे कंजा करेली पीलीभीत, सतनाम सिंह, परगट सिंह, हरविंदर सिंह उर्फ पिंदी पुत्र मलकीत सिंह निवासी रणधीरपुर, तिलहर शाहजहांपुर ने फरवरी में दोनों शूटरों से सम्पर्क साधा। सरबजीत सिंह व अमरजीत सिंह से 10 लाख में बाबा तरसेम सिंह की हत्या करने का सौदा तय हुआ। इसमें 60 हजार उस समय बयाने के तौर पर दिये। घटना से पूर्व दोनों शूटरों को 1.60 लाख रुपये दिए गए। दिलबाग सिंह व अन्य ने दोनों शूटरों को हत्या करने के लिए हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई। एसएसपी ने बताया कि शूटरों को 10 लाख में हायर करने वाला दिलबाग सिंह शाहजहांपुर क्षेत्र में स्कूल संचालक है। उस पर शाहजहांपुर में मुकदमा दर्ज है। दिलबाग सिंह को कई स्रोतों से बाबा तरसेम सिंह की हत्या के लिए रकम मिली है। कहां-कहां से रकम मिली है, इसकी विवेचना जारी है। दूसरे साजिशकर्ता हरिवंदर उर्फ पिंदी के खिलाफ शाहजहांपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। जबकि तीसरे साथी बलकार सिंह के खिलाफ थाना करेली, पीलीभीत थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने गुरुवार को चारों षड्यंत्रकारियों के खिलाफ धारा 302, 34, 120बी, 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक काशीपुर अभय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

