गुलदार ने मासूम को मार डाला, जंगल में मिला शव

ख़बर शेयर करें

प्रदेश में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन पर दिन गुलदार और बाघों के इंसानों पर हमले बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार देर रात हल्द्वानी वन प्रभाग रेंज में गुलदार ने एक सात साल के मासूम को अपना निवाला बना लिया। बच्चे का शव घंटों की तलाश के बाद आज सुबह तड़के जंगल में मिला है। हल्द्वानी वन प्रभाग रेंज में निर्मला कान्वेंट के पास रेलवे पटरी की तरफ रहने वाले एक सात साल के बच्चे को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। मिली जानकारी के मुताबिक बच्चा अपनी दादी के साथ घर से बाहर निकला था। इस दौरान पहले से ही घात लगाकर बैठे गुलदार ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे उठा ले गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी वन विभाग और प्रशासन को दी। बच्चे की देर रात तक तलाश की गई लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। आज तड़के सुबह बच्चे का शव जंगल के पास मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद एसडीएम हल्द्वानी परितोष वर्मा और तहसीलदार सचिन कुमार बच्चे के घर गए और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने के लिए वन विभाग को निर्देश दिए हैं। फिलहाल वन विभाग अब गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाएगा और आसपास गश्त भी की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page