पांच साल से मांग फिर भी नहीं सुन रहा शासन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने बांधा काला फीता,जताया विरोध

ख़बर शेयर करें

भवाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में शुक्रवार को प्रांतीय चतुर्थ श्रेणी महासंघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने शासन की अनदेखी के खिलाफ काला फीता बांधकर विरोध किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनकी जायज मांगों को पिछले पांच वर्षों से लगातार शासन के समक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कर्मचारियों में खासा आक्रोश है।
कर्मचारियों ने कहा कि धुलाई भत्ता देने के साथ ही डार्क रूम सहायक, ओटी सहायक और लैब सहायक के पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए वन टाइम सेटलमेंट की मांग लंबे समय से की जा रही है। कई बार शासन और विभागीय अधिकारियों के समक्ष मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। पांच वर्ष से मांग लंबित रहने के बावजूद शासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल न होने से कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है, कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सीएचसी भवाली में कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर शासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान जिलाध्यक्ष गंगा राम आर्या, अमित कुमार, राजन, प्रमोद, सशी, रजनी, राजेन्द्र सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page