श्री आनंद आश्रम के बुजुर्गों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से बांधा समां
हल्द्वानी, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला समाज कल्याण विभाग एवं वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के संयुक्त सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंक्वेट हॉल में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं कल्याण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री आनंद आश्रम के बाबा नीम करोली वरिष्ठ नागरिक गृह के बुजुर्गों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री प्रभार) नवीन चंद्र वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट, बैंकर, उद्यमी एवं समाजसेवी नीरज शारदा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री आनंद आश्रम की अध्यक्ष कनक चंद ने किया, जबकि आरएस ऐरी ने सह-संचालन में सहयोग दिया।
इस दौरान बाबा नीम करोली वरिष्ठ नागरिक गृह के बुजुर्गजनों और कर्मचारियों ने सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। बुजुर्गों के उत्साह और उमंग से भरे प्रदर्शन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि नवीन चंद्र वर्मा ने वरिष्ठ नागरिक गृह के बुजुर्गजनों और कर्मचारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आश्रम अध्यक्ष कनक चंद को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, सहायक समाज कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार समेत विभागीय अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

