सगे भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचा

ख़बर शेयर करें

सगे भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचा
हल्द्वानी। सगे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दाढ़ी बनाने वाली ब्लेड भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को हीरानगर जेल रोड निवासी श्रीमती बसन्ती कार्की ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी कि उनके पुत्र दीपक कार्की उर्फ दीपू ने अपने बड़े भाई प्रेम कार्की पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए, जिससे प्रेम कार्की गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए 30 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कार्की उर्फ दीपू (39 वर्ष), निवासी जेल रोड, हीरानगर, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हीरानगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज टम्टा और कांस्टेबल राहुल यादव शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page