शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान आज, धानाचूली में जुटेंगे शिक्षा जगत के लोग

ख़बर शेयर करें

शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान आज, धानाचूली में जुटेंगे शिक्षा जगत के लोग
सेवानिवृत्त व उत्कृष्ट शिक्षकों के साथ बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित
धानाचूली (नैनीताल)। राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक धारी की ओर से बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज धानाचूली परिसर में शिक्षक एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे से होगा। समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों तथा बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
स्थलीय संयोजक एवं राजकीय इंटर कॉलेज धानाचूली के प्रधानाचार्य डॉ. पी. कुमार ने कहा कि शिक्षक संघ की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षक समाज और विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक धारी के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक संगठन और समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जबकि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान उनकी प्रतिभा को पहचान देने के साथ उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान और विद्यार्थी प्रोत्साहन की परंपरा को संगठन आगे भी जारी रखेगा।
ब्लॉक मंत्री मुकेश कुमार फुलारा ने कहा कि सम्मान से व्यक्ति को नई ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
समारोह में ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, खंड शिक्षा अधिकारी धारी शुभम वर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का संयोजन राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक धारी के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी और मंत्री मुकेश कुमार फुलारा के नेतृत्व में किया जा रहा है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page