भवाली। श्यामखेत स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से अभद्रता, मारपीट और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के आरोप में पुलिस ने प्रभारी शिक्षक गयासुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष खजान भट्ट के नेतृत्व में श्यामखेत के लोगो ने कोतवाली भवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि विद्यालय में प्रभारी अध्यापक के पद पर कार्यरत शिक्षक गयासुद्दीन बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। आरोप है कि वह बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनके साथ मारपीट करते हैं और आपत्तिजनक एवं गाली गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
तहरीर में शिक्षक का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही नाबालिग छात्रों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

