- शाम होते ही मल्ला रामगढ़ बाजार में सड़कों पर जुटते हैं आवारा गाय बैल, दुर्घटना का बढ़ा खतरा
भवाली। मल्ला रामगढ़ बाजार में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हर दिन शाम होते ही बाजार की सड़कों पर बड़ी संख्या में आवारा गाय और बैलों का जमावड़ा लग जाता है। सड़क के बीचों बीच बैठे पशुओं के कारण जहां यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
समाजसेवी नवाब हुसैन ने बताया कि रामगढ़ बाजार में लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है। कई पशु दिनभर और विशेषकर शाम के समय बाजार की सड़कों पर बैठे रहते हैं। इन बेजुबान पशुओं को जहां जंगली जानवरों से खतरा रहता है, वहीं इनके कारण बाजार में गंदगी और यातायात संबंधी परेशानी भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले बैल के हमले में एक बुजुर्ग की मौत की दुखद घटना भी सामने आ चुकी है। इसके बावजूद यदि अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दूसरी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। सवाल यह है कि क्या प्रशासन दूसरी मौत का इंतजार कर रहा है?
नवाब हुसैन ने प्रशासन से मांग की कि रामगढ़ बाजार में घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए तत्काल व्यवस्था की जाए। साथ ही पशुओं की सुरक्षा के साथ ही बाजार में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बेजुबान पशु अपनी समस्या नहीं बता सकते, लेकिन उनकी सुरक्षा और आम लोगों को उनसे होने वाले खतरे से बचाना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

