- अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर वोट चोरी तक के मुद्दे पर सरकार को घेरा
- बोले जलजंगल और जमीन बचाने के लिए निकली न्याय यात्रा
भवाली। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने गुरुवार को भवाली पहुंचकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, माफियाओं को संरक्षण देने और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय दिलाने में विफल रहने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्षों से प्रदेश की जनता को गुमराह किया है और अब जनता के सामने उसकी सच्चाई उजागर हो रही है। यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि शराब, खनन और भू-माफियाओं का गठजोड़ सक्रिय है और सरकार ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को बेचने का काम किया जा रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने गोल्ज्यू के दरबार से न्याय यात्रा शुरू की है।नेता प्रतिपक्ष ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े एक व्यक्ति को महिमामंडित किया जा रहा है। आर्य ने कहा कि कांग्रेस ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की थी और सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाया, लेकिन अब जांच ठंडे बस्ते में पड़ी है।उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कथित रूप से संलिप्त व्यक्ति को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है और सरकार उसे बचाने का प्रयास कर रही है। आर्य ने कहा कि संवैधानिक पद पर नियुक्ति के बाद कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।यशपाल आर्य ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में भाजपा ने वोट चोरी के जरिए सरकार बनाई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा सरकार के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 13 करोड़ लोगों को मताधिकार से वंचित किया गया है और इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के आम लोगों के अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि प्रदेश में उसकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हो रही है। आर्य ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी। इस दौरान अध्यक्ष कंचन सुयाल, पालिकाध्यक्ष पंकज आर्या, जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, सुजान सिंह रजवार, इदरीश खान, शीलू कुमार, पुष्पेश पाण्डे, अफसर अली, नवाब हुसैन, पंकज बिष्ट, हरेंद्र आर्य, लोकेश जोशी आदि रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



