भवाली में 6 सितंबर को होगा भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज का प्रदेश सम्मेलन, समाज के अधिकारों को लेकर उठी कई प्रमुख मांगें
नैनीताल। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज उत्तराखंड की प्रांतीय बैठक रविवार को नैनीताल क्लब में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संगठन का विस्तार किया गया तथा आगामी 6 सितंबर 2026 को भवाली में भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज उत्तराखंड का प्रदेश सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि सम्मेलन में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि एवं संगठन एक मंच पर एकत्र होकर समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय मुख्य निर्देशक कर्मवीर लल्ला बाबू द्रविड़, प्रदेश अध्यक्ष पंकज अद्वैती एवं प्रांतीय प्रभारी इंद्रपाल वाल्मीकि ने बताया कि भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज की पूरे उत्तराखंड में शाखाएं सक्रिय हैं। बैठक में रामनगर, नैनीताल, हल्द्वानी, भवाली, पंतनगर, किच्छा, लालकुआं, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, हरिद्वार और रुड़की से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की गई कि उत्तराखंड में लगभग 90 वर्षों से निवास कर रहे वाल्मीकि समाज के लोगों को भूमिधारी का अधिकार प्रदान किया जाए। वक्ताओं का कहना था कि वर्ष 2003 से पहले समाज के अधिकांश लोगों के नाम पर भूमि दर्ज न होने के कारण उन्हें भूमिधारी का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसके अलावा रामनगर स्थित सीताबनी आश्रम को वाल्मीकि तीर्थ के रूप में विकसित कर पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप आरक्षण का वर्गीकरण कर वाल्मीकि समाज को निश्चित आरक्षण देने, नगर पालिका कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा उत्तराखंड की आरक्षित विधानसभा सीटों में से कुछ सीटों पर वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों को चुनाव लड़ाने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में संगठन विस्तार के तहत राकेश पवार को कुमाऊं संयोजक तथा अतुल कुमार को हल्द्वानी नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मुख्य निर्देशक कर्मवीर लल्ला बाबू द्रविड़, प्रदेश अध्यक्ष पंकज अद्वैती, रवि द्रविड़, प्रांतीय प्रभारी इंद्रपाल वाल्मीकि, दीप सिंह राही, रोबर्ट चौधरी, प्रेम नरेश वाल्मीकि, शीलू कुमार, राजेश छाछर, एस.के. शिसोदिया, संजय वाल्मीकि, शुभम कुमार, राकेश पवार, मुनिराज, नीरज चंचल, परवेश, विजेंद्र गोडसे, सुनील चंद्रा, अमन कुमार, मनीष, यश आर्यन, विवेक सिंह, अतुल कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

