तीनपानी बाईपास हादसे का एसएसपी ने किया निरीक्षण, सड़क सुरक्षा के लिए दिए अहम निर्देश
हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों का जायजा लिया। उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 11 जुलाई 2026 की रात तीनपानी बाईपास पुल पर लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) ने पुल के घुमाव पर एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के तुरंत बाद एसपी क्राइम/यातायात नैनीताल एवं एसपी सिटी हल्द्वानी बेस चिकित्सालय पहुंचे थे और दुर्घटना से संबंधित जानकारी लेकर स्थिति का जायजा लिया था।
सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए सड़क की स्थिति, दोनों वाहनों की दिशा, दुर्घटना स्थल की भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने तथा आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुझाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और गंभीर दुर्घटना है, जिससे समाज, वाहन चालकों और पुलिस प्रवर्तन व्यवस्था सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन ही ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाती रहेगी, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

