नैनीताल : पाइंस श्मशानघाट में विशेष स्वच्छता अभियान, सामाजिक सरोकार की मिसाल
नैनीताल। नगर के पाइंस स्थित श्मशानघाट में सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय निवासियों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अंतिम संस्कार स्थल की गरिमा बनाए रखना तथा पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखना रहा।
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने श्मशानघाट परिसर में फैली गंदगी, प्लास्टिक कचरे एवं जंगली झाड़ियों की साफ-सफाई की। साथ ही भविष्य में श्मशानघाट के सौंदर्यीकरण और वृक्षारोपण किए जाने का भी संकल्प लिया गया, जिससे परिसर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाया जा सके।
इस मौके पर स्थानीय प्रतिनिधियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि श्मशानघाट की नियमित सफाई के लिए स्थायी कर्मचारियों की तैनाती की जाए तथा समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि श्मशानघाट समाज का ऐसा स्थल है, जहां हर वर्ग के लोग आते हैं, इसलिए इसकी स्वच्छता और देखरेख सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक अभियानों में सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में यशपाल रावत, पान सिंह ढैला, रोहित गौड़, पंकज बिष्ट, सुनील बिष्ट, पुष्कर करायत, सौरव रावत, गोपाल सिंह, मनमोहन सिंह बिष्ट, तेंजिन (तिब्बती मार्केट), भवाली से शिप्रा कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं गंगा समिति सदस्य जगदीश नेगी, शीला होटल के शैलेन्द्र शाह, लच्छू भाई सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
— किशोर ढैला, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत चौरसा
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

