एसपी सिटी ने घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल
मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर में युवक गंभीर घायल, स्कूटी चालक फरार
कालाढूंगी। कोटाबाग रोड पर बर पुल के पास सोमवार को मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामनगर की ओर जा रहे एसपी सिटी हल्द्वानी हरबन्स सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस के अनुसार, छोटी हल्द्वानी निवासी मोहम्मद फैज (21) मोटरसाइकिल से अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में फैज के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर एसपी सिटी ने कालाढूंगी पुलिस को मौके पर बुलाया। इसके बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालाढूंगी भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल स्कूटी चालक मौके से चला गया है। पुलिस उसकी जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



