समाजसेवी एवं कवयित्री प्रियंका जोशी ने ओजपूर्ण कविता के माध्यम से शहीदों के बलिदान और देशप्रेम की भावना को दिया स्वर

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी में तिरंगा यात्रा से गूंजा शहर, शहीदों को किया नमन
हल्द्वानी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काली सेना के तत्वावधान में हल्द्वानी में विशाल तिरंगा यात्रा, ‘एक शाम शहीदों के नाम’ और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।
सुबह करीब 10 बजे मंगल पड़ाव से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप महाराज और बॉलीवुड कलाकार एवं समाजसेवी गिरीश थापर ने किया। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। यात्रा सिंधी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा और तिकोनिया होते हुए मधुवन बैंक्वेट हॉल पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।
इसके बाद मधुवन बैंक्वेट हॉल में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ एवं सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम में देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया। प्रभाकर जोशी, कविता बेलवाल और संगीता जोशी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। समाजसेवी एवं कवयित्री प्रियंका जोशी ने ओजपूर्ण कविता के माध्यम से शहीदों के बलिदान और देशप्रेम की भावना को स्वर दिया। जादूगर अंकुर की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद करने का अवसर है। शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान की जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने और समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।
आयोजक विशाल शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों, सामाजिक संगठनों, कलाकारों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार जताया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। बड़ी संख्या में शहरवासी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page