भवाली में कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ

ख़बर शेयर करें

भवाली में कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ
भवाली (नैनीताल), 19 मार्च 2026।
नगर के देवी मंदिर भवाली में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया। यह धार्मिक आयोजन 19 मार्च से 28 मार्च 2026 तक चलेगा।
प्रथम दिवस प्रातःकाल आचार्य गिरीश चंद्र जोशी, कैलाश चंद्र पांडे, कैलाश जोशी, मोहन चंद कपिल, नीरज पडलिया और दीपेश कपिल ने मुख्य यजमान श्रीमती एवं श्री बालम सिंह मेहरा (पुत्र श्री संगत सिंह मेहरा) की उपस्थिति में विधि-विधान से देवी भगवती विग्रह निर्माण, नवग्रह निर्माण, सर्वतोभद्र निर्माण, गणेश पूजन सहित पंचांग पूर्वांग पूजन संपन्न कराया।
इसके उपरांत मातृशक्ति द्वारा भवाली बाजार से देवी मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सुंदर देवी भजनों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अपराह्न 2 बजे से व्यास आचार्य कैलाश चंद्र सुयाल ने श्रीमद् देवी भागवत कथा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के सम्वत्सर फल का वर्णन करते हुए नवदुर्गाओं के माहात्म्य पर विस्तृत प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पारंपरिक लोक संस्था “परम्परा” नैनीताल द्वारा प्रकाशित पंचांग “परम्परा” अंक-6 का विमोचन भी किया गया, जिसे श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया।
कार्यक्रम में पारंपरिक लोक संस्था “परम्परा” के निदेशक बृजमोहन जोशी द्वारा भवाली की चार विभूतियों—श्रीमती रम्भा साह, श्रीमती मंशा साह, श्री संगत सिंह मेहरा और श्री मथुरा दत्त जोशी को सम्मानित किया गया।
कथा के दौरान आचार्य उमा शंकर कपिल, नीरज सती और पंकज जोशी द्वारा मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। आयोजन को सफल बनाने में हरि शंकर कांडपाल, आरती भगत सहित कई श्रद्धालुओं का सहयोग मिल रहा है।
व्यास आचार्य कैलाश चंद्र सुयाल ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से आयोजित हो रही कथा में शामिल होकर मां भगवती जगदम्बा का आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि देवी भागवत कथा के श्रवण से सभी कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page