एम्बुलेंस चालक और फ़ार्मसिस्ट पर गंभीर आरोप मरीज को कराया इंतजार

ख़बर शेयर करें

धारी। धारी ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग की 108 एम्बुलेंस सेवा की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एम्बुलेंस चालक और फार्मासिस्ट मरीज को रेफर करने के दौरान नशे की हालत में थे और रास्ते में कई बार वाहन रोककर शराब पी तथा आराम करते रहे, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीज को समय पर उपचार नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार, चोरलेख मल्ली दिनी निवासी एवं पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार ने रविवार देर रात करीब एक बजे अपनी 78 वर्षीय परिजन बचुली देवी की तबीयत बिगड़ने पर एम्बुलेंस को फोन किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी से मरीज को एम्बुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी बेस अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि रात करीब दो बजे एम्बुलेंस रवाना हुई, लेकिन चालक और फार्मासिस्ट दोनों नशे में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मटियाल के आसपास एम्बुलेंस रोककर दोनों कर्मचारी सड़क पर उतरकर शराब पीने लगे। करीब आधे घंटे बाद एम्बुलेंस आगे बढ़ी, लेकिन भीमताल पहुंचने पर वाहन को अस्पताल परिसर में खड़ा कर दोनों कर्मचारी एम्बुलेंस के भीतर ही सो गए। इस दौरान मरीज और उसके परिजन पूरी रात एम्बुलेंस में फंसे रहे। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे चालक उठा और मरीज को सुबह लगभग छह बजे हल्द्वानी बेस अस्पताल के बाहर सड़क किनारे उतारकर एम्बुलेंस लेकर चला गया। इस घटना से मरीज के परिजनों में भारी नाराजगी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. हिमांशु कांडपाल ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page