- लोगों ने लोक निर्माण विभाग पर लगाया अनदेखी का आरोप, भारी वाहन और बाइक सवारों के लिए बना खतरा
भवाली। भवाली भीमताल रोड पर काली मंदिर के पास सड़क के नीचे सुरक्षा दीवार गिरने से गहरा गड्ढा बन गया है। इससे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी लोक निर्माण विभाग को देने के बावजूद अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के नीचे सुरक्षा दीवार ढहने से मिट्टी खिसकने और सड़क को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। यदि इस स्थान से कोई भारी वाहन गुजरता है तो सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो सकता है। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह स्थान खतरनाक बना हुआ है। लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत कराने और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
सोमवार को होगा निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि सोमवार को मौके का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



